पटना, अप्रैल 28 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने मंगलवार को कहा है कि सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप सभी के लिए सृदृढ़, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और अस्पताल के सुचारू काम-काज एवं सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी को सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहना होगा। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने आज गुरू गोविंद सिंह सदर अस्पताल के रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक में कहा कि सात निश्चय कार्यक्रम के तहत सभी के लिए उत्तम स्वास्थ्य सुविधा के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये सम्पूर्ण तंत्र तत्पर है।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावी, कुशल एवं उत्तरदायी ढंग से ज़रूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अस्पताल के प्रबंधन तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व तथा वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के लिए लोगों में विश्वास बढ़ाने तथा रोगियों के लिए निःशुल्क दवाओं की सदैव उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. त्यागराजन एस.एम ने निर्देश दिए कि अस्पताल में चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल स्टाफ की रोस्टर के अनुसार समय से उपस्थिति सुनिश्चित करें। रोस्टर का प्रमुखता से अस्पताल के सूचना पट्ट पर डिस्प्ले रहना चाहिए। रोगियों के प्रति व्यवहार ठीक रखें। वरिष्ठ नागरिकों को प्रावधानों के अनुसार हर सुविधा प्रदान करें। अस्पताल की साफ-सफाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सिविल सर्जन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अस्पताल में रोगियों की जरूरत के अनुसार हर सुविधा रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में रिक्तियों के विरूद्ध पदस्थापन के लिए सिविल सर्जन को विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित