कल्याणी , फरवरी 08 -- सुदीप कुमार घरामी (नाबाद 216) के दोहरे शतक तथा सुमंता गुप्ता (81) और हबीब गांधी (नाबाद 45) रनों की जुझारू पारियों की बदौलत बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन रविवार को आंध्र प्रदेश के खिलाफ छह विकेट पर 418 रन बनाकर 123 रनों की बढ़त के साथ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
आज यहां बंगाल ने कल के पांच विकेट पर 199 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। इस दौरान सुमंता गुप्ता ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 105वें ओवर में सौरभ कुमार ने शतक की ओर बढ़ रहे सुमंता गुप्ता को आउट कर पवेलियन भेज दिया। सुमंता गुप्ता ने 167 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए 81 रनों की पारी खेली। दिन का खेल समाप्त होने के समय बंगाल ने 146 ओवरों में छह विकेट पर 418 रन बना लिये हैं। सुदीप कुमार घरामी (नाबाद 216) और हबीब गांधी (नाबाद 45) क्रीज पर मौजूद है।
आंध्र प्रदेश की ओर से के वी शशिकांत और सौरभ कुमार ने दो-दो विकेट लिये। त्रिपुराणा विजय और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित