टिहरी , मार्च 21 -- उत्तराखंड के टिहरी में विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत सुदाड़ा में शनिवार को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गांव में शादी-विवाह सहित सभी सामाजिक आयोजनों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया।

यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बिजेंद्र सकलानी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। बैठक में शराब नहीं संस्कार मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का संदेश भी साझा किया गया।

ग्राम सभा में सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने के लिए एक ग्राम सुधार समिति का गठन किया गया, जिसमें अरविंद सिंह को अध्यक्ष, सरिता सकलानी को उपाध्यक्ष, खेमराज बिजल्वाण को सचिव, सुशीला देवी को सह सचिव और दिनेश प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार गांव में किसी भी आयोजन में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। विवाह समारोहों में डीजे रात 11 बजे तक ही चल सकेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित