अमृतसर/चंडीगढ़ , दिसंबर 15 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने सोमवार को कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की हालिया तारीफ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रंधावा का बयान भाजपा में शामिल होने का रास्ता बनाने की कोशिश है।
श्री धालीवाल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की अचानक तारीफ से कई गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने पूछा कि जब 2021 में कैप्टन को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था, तो सुखजिंदर रंधावा ही सबसे आगे थे जो कैप्टन पर गुटका साहिब की कसम खाने के बावजूद ड्रग तस्करी की कमर तोड़ने में नाकाम रहने और हर घर में नौकरी देने का वादा पूरा न करने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि आज रंधावा को यह साफ करना चाहिए कि तब कैप्टन सही थे या अब सही हैं। असल में, रंधावा और कैप्टन दोनों ऐसे लोग हैं जो अपनी बात पर कायम नहीं रहते।
उन्होंने दावा किया कि सुखजिंदर रंधावा के बयान साफ तौर पर दिखाते हैं कि वह कांग्रेस पार्टी को डुबोकर भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के परिवार का इतिहास रहा है कि वे हमेशा सत्ता में रहने वालों के साथ रहे हैं, चाहे वह मुगल काल हो, ब्रिटिश काल हो, कांग्रेस का समय हो, या अब भाजपा का समय हो। उन्होंने कहा कि कैप्टन का परिवार सत्ता के बिना नहीं रह सकता।
आप नेता ने कहा कि सुखजिंदर रंधावा जैसे नेता, जो खुद कभी मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में थे, अब भाजपा की सीनियर लीडरशिप से संबंध बनाकर अपना राजनीतिक भविष्य सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पंजाबी अब उनकी चालों में नहीं आएंगे। उन्होंने राज्य में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर पंजाब के लोगों को धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित