सुकमा , नवंबर 15 -- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए संचालित धान खरीदी योजना का शुभारंभ आज सुकमा जिले में पारंपरिक ढंग और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ किया गया।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने धान खरीदी केंद्र सुकमा पहुंचकर प्रथम खरीदी का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही किसानों से खरीदी व्यवस्था एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।

कार्यक्रम का सबसे विशेष क्षण रहा जिला मुख्यालय की किसान श्रीमती हिरमे वेको द्वारा खरीदी केंद्र में 50 क्विंटल धान बेचकर जिले की पहली धान विक्रेता किसान बनने का सम्मान प्राप्त करना। पहले दिन सुकमा व कोडरीपाल धान उपार्जन केंद्रों में कुल तीन टोकन पर 230 क्विंटल धान खरीदा गया, जो किसानों के उत्साह और सरकारी व्यवस्था पर उनके विश्वास को दर्शाता है।

विधायक टेकाम ने कहा कि ''छत्तीसगढ़ की आत्मा हमारे किसान हैं। धान खरीदी का प्रथम दिन उनके विश्वास और मेहनत का उत्सव है।'' उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में 15 नवंबर से खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। सभी जिलों में भंडारण, तौल और परिवहन जैसी सभी सुविधाएँ समय पर सुनिश्चित कर दी गई हैं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, शासन द्वारा तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क एप, और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसी आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाएँ लागू की गई हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया और अधिक सरल व पारदर्शी बने।

कार्यक्रम में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, अपर कलेक्टर गजेन्द्र ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया, नगर पालिका अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माड़े बारसे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित