सीहोर , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा क्षेत्र में प्रेम संबंध के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर शव को मंडीदीप में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 31 मार्च को मंडीदीप रेलवे स्टेशन के पास एक कार में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान संतोष शर्मा निवासी भोपाल के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि संतोष शर्मा और रजनी उईके के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी होने पर महिला के पति भगवान सिंह उईके के साथ परिवार में विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर संतोष शर्मा की हत्या की साजिश रची।
बताया गया कि 30 मार्च की रात आरोपियों ने संतोष को घर बुलाकर उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी और दुपट्टा व गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को कार में रखकर मंडीदीप रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित