सीवान , मई 06 -- बिहार के सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार को एक ज्वेलरी दुकान से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप में धावा बोला।इसके बाद अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान के कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया और दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।लूट के बाद भागने के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिससे कोई उनका पीछा न कर सके। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।आक्रोशित लोगों ने उसकी बाइक में आग भी लगा दी। हालांकि, अन्य अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

दुकान के मालिक टिंकू सोनार ने बताया कि लग्न के मौसम को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में आभूषण रखे गए थे, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार अपराधी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित