कोरबा , जनवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सील की गई कबाड़ दुकान से अवैध रूप से कारोबार जारी रहने का मामला सामने आया है।

कोतवाली थाना एवं सीएसईबी चौकी पुलिस ने कल देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरे तीन वाहनों को जब्त किया है, जबकि मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सील होने के बावजूद कबाड़ दुकान से चोरी का माल इकट्ठा कर उसे ठिकाने लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात दबिश दी, जहां कबाड़ से लदे वाहन और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग पाए गए। मौके से तीन वाहन जब्त किए गए हैं और तीन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीएसईबी चौकी अंतर्गत रशियन हॉस्टल के पास लोहे के पुल को काटकर चोरी करने की घटना सामने आई थी। इस मामले में कबाड़ चोर पुल की रेलिंग और लोहे की प्लेट काटकर ले गए थे। उक्त प्रकरण में कुल 15 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था, जिनमें से अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इस संबंध में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरे वाहन और कुछ संदिग्धों को पकड़ा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित