, Feb. 12 -- दमिश्क, 12 फरवरी (वार्ता/ शिन्हुआ) सीरिया की अंतरिम सरकार ने गुरुवार को सीरिया-इराक-जॉर्डन सीमा पर अल-तन्फ़ सैन्य बेस से अमेरिका के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन के हटने की पुष्टि करते हुए कहा कि सीरियाई सेना की इकाइयों ने इस ठिकाने पर कब्जा कर लिया है।
सीरिया के रक्षा अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि सीरियाई और अमेरिकी पक्षों के बीच सहमति के बाद उन्होंने इस सैन्य बेस को अपने काबू में लिया। सीरियाई सैनिकों ने अल-तन्फ़ रेगिस्तानी इलाके में सीमा क्षेत्र में तैनाती शुरू करने से पहले बेस और उसके आस-पास की सुरक्षा की।
अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में सीमा रक्षक बल (बॉर्डर गार्ड फोर्स) के इस इलाके की ज़िम्मेदारी संभालने की उम्मीद है। अल-तन्फ़ बेस का इस्तेमाल गठबंधन सालों से कर रहा है। इसके आस-पास का इलाका, जिसे 55 किलोमीटर क्षेत्र के नाम से जाना जाता है, सीरिया के पूर्वी रेगिस्तान और मुख्य आपूर्ति मार्गों की निगरानी के लिए एक रणनीतिक बिन्दु के तौर पर काम करता था।
मानवाधिकार संगठन सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि यह वापसी सीरिया में विदेशी सैन्य तैनाती को फिर से जांचने के बारे में बड़ी चर्चा के बीच हुई है, क्योंकि बदलते इलाके के हालात अल-तन्फ़ इलाके के भविष्य पर सवाल उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित