इदलिब , दिसंबर 17 -- सीरियाई सुरक्षा बलों ने खुफिया सेवा के साथ मिलकर इदलिब और सीरिया में आतंकवादी हमले अंजाम देने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

'सना' समाचार एजेंसी ने सीरियाई अधिकारियों के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा कि ये आतंकवादी इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक-सीरिया (आईएसआईएस) से उस सेल से जुड़े हैं जो उत्तरी सीरिया में सुरक्षा और सैन्य कर्मियों पर कई हमले करने के लिये जिम्मेदार है।

रिपोर्ट में गृह मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि ये गिरफ्तारियां मारेत अल-नुमान इलाके में एक राजमार्ग सुरक्षा गश्ती दल पर हाल ही में हुए हमले की जांच के बाद की गईं। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों से सुरक्षा बलों को संदिग्धों और हमले में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान करने में मदद मिली।

शुरुआत में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और एक मारा गया, जबकि बाद की पूछताछ में अतिरिक्त साथियों के शामिल होने का पता चला। दूसरे अभियान में बाकी संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह समूह इदलिब में सुरक्षा गश्ती दल, सराकेब के पास रक्षा मंत्रालय के कर्मियों और अलेप्पो ग्रामीण इलाके में सीमा शुल्क अधिकारियों पर हमलों के लिये जिम्मेदार था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित