लखनऊ , फरवरी 03 -- वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद की घटक प्रयोगशाला सीएसआईआर- सेंट्रल इंस्टीट्यूट आफ मेडिशनल एरोमैटिक प्लांट और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के बीच अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

यह एमओयू औषधीय एवं सुगंध पौधों पर आधारित शोध, जैव-सक्रिय फाइटो-अणुओं के विकास, क्लिनिकल व ट्रांसलेशनल रिसर्च तथा शैक्षणिक आदान-प्रदान को नई गति देगा।

मंगलवार को हुए एमओयू पर सीमैप के निदेशक डॉ. प्रभोध कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। लोहिया संस्थान की ओर से अतिरिक्त कुलसचिव डॉ. मनीष कुमार वर्मा और श्वसन रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार वर्मा साक्षी के रूप में उपस्थित रहे।

एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं की पहचान व क्रियान्वयन करेंगे और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को संयुक्त प्रस्ताव भेजेंगे। इसके साथ ही फैकल्टी व छात्र विनिमय, संयुक्त वैज्ञानिक सम्मेलन, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और शोध उपकरणों/प्रयोगशाला सुविधाओं का साझा उपयोग किया जाएगा।

समझौते के अंतर्गत सह-मार्गदर्शन, संयुक्त थीसिस और अनुसंधान कार्य को बढ़ावा मिलेगा। वहीं विकसित होने वाली बौद्धिक संपदा पर दोनों संस्थानों का संयुक्त स्वामित्व रहेगा और शोध निष्कर्षों को व्यावसायिक रूप से उपयोगी उत्पादों व तकनीकों में बदलने पर भी सहमति से कार्य होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित