बिलासपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोल इंडिया के चिकित्सकों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सीमेकॉन (सीमेकॉन) 2026 का आयोजन 28 फरवरी से दो मार्च तक किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम "हेल्दी माइन्स, हेल्दी नेशन" रखी गई है, जिसका उद्देश्य खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों के स्वास्थ्य तंत्र और व्यावसायिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है।
दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में कोल इंडिया और उसकी सभी सहायक कंपनियों सहित देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के 250 से अधिक चिकित्सक भाग लेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन चिकित्सकों के लिए ज्ञान-विनिमय और समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इसमें खनन क्षेत्र की विशिष्ट स्वास्थ्य चुनौतियों और उनके समाधानों पर केंद्रित चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से व्यावसायिक रोग, औद्योगिक स्वास्थ्य, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, जीवनशैली संबंधी बीमारियां, मानसिक स्वास्थ्य और खनन क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन की एक प्रमुख विशेषता विभिन्न सहायक कंपनियों के चिकित्सकों द्वारा शोध-पत्रों की प्रस्तुति होगी। इन शोध-पत्रों के जरिए खनन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े नवाचारों, फील्ड स्टडी और सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा किया जाएगा। इससे न केवल चिकित्सा पद्धतियों में सुधार होगा, बल्कि खनन कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में भी मदद मिलेगी।
एसईसीएल द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है। यह आयोजन खनन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा प्रदान करने और उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिए जाने वाले व्याख्यान और विचार-विमर्श से खनन कर्मियों के समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित