बलौदाबाजार , मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक नाबालिग के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राज्य के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बालक का हालचाल जाना और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया।
मंत्री वर्मा ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बच्चे के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को रवान क्षेत्र स्थित एक सीमेंट संयंत्र में 12 वर्षीय बालक के साथ सुरक्षा कर्मियों द्वारा मारपीट की घटना सामने आई थी। बताया जा रहा है कि बालक परिसर की दीवार पार कर आम तोड़ने गया था, इसी दौरान गार्डों ने उसे पकड़ लिया और कथित रूप से दुर्व्यवहार किया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई। घायल बालक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित