अमृतसर , अप्रैल 23 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन आरोपियों को 915 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) और पांच आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा (21), सोला सिंह उर्फ सोनू (29) और करन सिंह (22) के रूप में हुई है, जो सभी फिरोजपुर के गांव साहांके के निवासी हैं। बरामद पिस्तौलों में दो 9 एमएम ग्लॉक और तीन .30 बोर पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे, और सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही नशे और हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी नशे और अवैध हथियारों की आपूर्ति के लिए स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे।

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले में आगे-पीछे के सभी संबंधों की जांच जारी है।

कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए पुलिस आयुक्त अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये लक्षित ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने संदिग्ध सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा, सोला सिंह उर्फ सोनू और करन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पहले केवल एक .30 बोर पिस्तौल बरामद हुआ था और आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुए खुलासों के आधार पर उनके पास से 915 ग्राम आईसीई और चार अन्य पिस्तौल बरामद किये गये।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि फिरोजपुर सेक्टर के घने जंगलों में नशे और हथियारों की खेप फेंकी जा रही थी। आरोपी ऐसे स्थानों से इन खेपों को प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। इस संबंध में थाना गेट हकीमा, अमृतसर में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत एफआईआर को दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित