पिथौरागढ़ , मार्च 30 -- उत्तराखंड में पिथौरागढ़ पुलिस की ओर से रविवार को सीमांत क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वाइब्रेंट विलेज में 'रात्रि चौपाल' का आयोजन किया गया।

पुलिस का यह प्रयास प्रभावी साबित हो रहा है। इस पहल के तहत पुलिस अधिकारी देर शाम गांवों में पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।

जनपद के विभिन्न वाइब्रेंट विलेज-जमतड़ी, तीतरी और अमाली-में आयोजित चौपाल में पुलिस टीमों ने ग्रामीणों, खासकर बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य, निजी एवं सामाजिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं के समाधान का किया, जिससे ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा।

चौपाल के दौरान महिलाओं के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा और साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। आपात स्थिति में सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 और अन्य संपर्क नंबर भी साझा किए गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 'रात्रि चौपाल' का मुख्य उद्देश्य सीमांत गांवों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, ग्रामीणों को सशक्त बनाना और पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। यह पहल न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रही है, बल्कि विश्वास और सहयोग की नई मिसाल भी पेश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित