बैतूल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी रामोसी में जमीन सीमांकन के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे और मासोद चौकी प्रभारी रणधीर सिंह राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर राजस्व टीम तहसीलदार और पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लेकर सीमांकन के लिए मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ आदिवासी परिवारों ने सीमांकन का विरोध किया, जो धीरे-धीरे उग्र होकर हिंसा में बदल गया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना से जुड़े सामने आए वीडियो में भास्कर मगरदे के साथ मारपीट और उन्हें बचाने पहुंचे चौकी प्रभारी रणधीर सिंह राजपूत पर हमले के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। हमले में दोनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरणों के बिना थे, जिसके कारण उन्हें अधिक चोटें आईं।

घटना के समय सीमित पुलिस बल मौजूद होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और टीम को पीछे हटना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया गया।

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महाराष्ट्र के वरुड ले जाया गया, जहां से उन्हें बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में 22 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित