प्रयागराज , फरवरी 02 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के लालापुर थाना क्षेत्र के मदुरी गांव में सीबीसीआईडी से सेवानिवृत्त दरोगा राम रतन मिश्रा (68) की सिर कुंचकर हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला। हमलावरों ने उनके माथे पर किसी भारी वस्तु से पांच से अधिक वार किए थे।
पुलिस के अनुसार राम रतन मिश्रा मूल रूप से चकसूशेर गांव के निवासी थे और मदुरी गांव स्थित अपने दूसरे मकान में अकेले रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य चकसूशेर में रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे उनका नाती रोज की तरह खाना लेकर पहुंचा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह पीछे से दीवार फांदकर अंदर पहुंचा, जहां राम रतन मिश्रा को मृत अवस्था में पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालापुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पुलिस आयुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर में जबरन प्रवेश के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस लूट, पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित