मुंबई , अप्रैल 16 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो ने महाराष्ट्र में 15 लाख रुपये की कथित रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के एक अधीक्षक और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान सीजीएसटी ठाणे ग्रामीण, आयुक्तालय के तत्कालीन अधीक्षक मोहित शर्मा, एक निजी फर्म के मालिक उदय शिवराज कलशेट्टी और एक निजी व्यक्ति किरण व्यास के रूप में हुई है।
सीबीआई की मुंबई स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, यह मामला कर संबंधी मामलों में अवैध नकद निपटान और भ्रष्टाचार के आरोपों वाली एक शिकायत का था। आरोप है कि मोहित शर्मा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एक आपराधिक साजिश रची, जिसका उद्देश्य एक फर्म के खिलाफ चल रही जांच को कमजोर करने और उसे जुर्माने से बचाना था।
प्राथमिकी के अनुसार, शर्मा ने कथित तौर पर मेसर्स एस.के. एंटरप्राइजेज के खिलाफ चल रही जांच के सिलसिले में साल 2025 के दौरान किरण व्यास के माध्यम से कलशेट्टी से 15 लाख रुपये स्वीकार किए थे। सीबीआई ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मंजूरी प्राप्त करने के बाद की गई प्रारंभिक जांच के दौरान इन आरोपों की पुष्टि हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित