पटना , फरवरी 12 -- बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने औपचारिक रूप से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीबीआई के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय गुरुवार को लिया गया है। इसके तहत अब केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने अपनी ओर से प्राथमिकी संख्या- 07/2026 दर्ज कर मामले की तफ्तीश में जुट गयी है।
इसके पूर्व 31 जनवरी को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुये कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया था, जिससे घटना का निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण खुलासा हो सके।
उल्लेखनीय है कि जहानाबाद जिले की रहने वाली नीट अभ्यर्थी छह जनवरी को राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में अचेत अवस्था में मिली थी। वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिये पटना में रहकर कोचिंग कर रही थी। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने शुरुआत से ही छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामले की जांच के लिये पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और केंद्रीय रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र सिंह राणा को इसकी निगरानी सौंपी गई। साथ ही राज्य के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को भी जिला पुलिस की सहायता के लिये लगाया गया। बाद में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी ने औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ले ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित