टिहरी , फरवरी 10 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिला के वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मुनि की रेती पुलिस द्वारा मंगलवार को क्षेत्र में सीनियर सिटीजन सत्यापन एवं कुशलक्षेम अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने शीशम झाड़ी/शीशम जड़ी सहित आसपास के वार्डों में घर-घर जाकर वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन किया और उनका हाल-चाल जाना।
पुलिस ने अभियान के दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके विवरण को अद्यतन किया गया। वहीं, कुछ ऐसे मामलों की जानकारी भी सामने आई जिनमें संबंधित वरिष्ठ नागरिकों का पूर्व में निधन हो चुका है, जिनके रिकॉर्ड को अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस टीम ने बुजुर्गों को साइबर ठगी से बचाव के लिए विशेष रूप से जागरूक किया। उन्हें ओटीपी, संदिग्ध लिंक, केवाईसी कॉल और बैंक फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही आपात स्थिति में सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित