भोपाल , मार्च 8 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मध्यप्रदेश के सीधी-सिंगरौली खंड पर 105 किलोमीटर लंबे चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के शेष निर्माण कार्य का अवॉर्ड जारी कर दिया गया है। इस परियोजना का निर्माण कार्य अप्रैल 2026 से शुरू किए जाने की योजना है।

प्राधिकरण के अनुसार इस परियोजना के पूर्ण होने से सीधी और सिंगरौली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा और पूरे विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। लंबे समय से इस मार्ग के उन्नयन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मार्ग के कुछ हिस्सों का विकास पहले मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा किया गया था, जबकि शेष कार्य अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पूरा किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत इस मार्ग को आधुनिक मानकों के अनुरूप चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान तीन रेलवे ओवर ब्रिज या एक रेलवे अंडर ब्रिज, तीन प्रमुख पुल, 33 छोटे पुल, 11 वाहन अंडरपास तथा एक पैदल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 85 बॉक्स कलवर्ट और 165 पाइप कलवर्ट भी बनाए जाएंगे। साथ ही जंक्शन सुधार, सर्विस रोड और सड़क किनारे जल निकासी व्यवस्था सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य कार्य भी किए जाएंगे।

इस परियोजना के पूरा होने से सीधी और सिंगरौली के बीच यात्रा अधिक तेज और सुरक्षित हो सकेगी। वर्तमान में संकरी सड़क और अपर्याप्त पुल तथा अंडरपास जैसी समस्याओं के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चार लेन मार्ग बनने के बाद इन समस्याओं से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम हो जाएगी।

यह राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तरप्रदेश के प्रमुख शहरों से भी बेहतर संपर्क स्थापित करेगा। इसके विकसित होने से सीधी और सिंगरौली क्षेत्र का प्रयागराज, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज और वाराणसी जैसे शहरों से सड़क संपर्क मजबूत होगा, जिससे लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्राधिकरण के अनुसार इस परियोजना से यात्रा समय में कमी आएगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रमुख शहरों तक पहुंचने में अधिक आसानी होगी।

वहीं विंध्य क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए रीवा से सीधी के बीच चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की भी योजना है। इस परियोजना का अवॉर्ड जल्द जारी होने की संभावना है और बारिश के बाद इसके निर्माण कार्य को शुरू करने की योजना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अनुसार इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्कता को मजबूत करने, यात्रा समय कम करने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का लक्ष्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित