पटना , मार्च 10 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को सीतामढ़ी जिले में कौडिया लालपुर पंचायत के मुखिया अवधेश साह को 16 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि सीतामढ़ी जिले के रूनी सैदपुर थाना क्षेत्र के कोदनिया गांव निवासी और परिवादी अजय कुमार ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि कोडिया लालपुर पंचायत के मुखिया अवधेश साह के द्वारा नल-जल योजना में चार अनुरक्षकों का मानदेय भुगतान किये जाने के बाद एवं आगामी किस्त दिये जाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता शिव कुमार साह नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त अवधेश साह को 16 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए सीतामढ़ी डूमरा कोर्ट कैम्पस, दुर्गा मंदिर के बगल में शिव राज भोजनालय से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित