सीतापुर , दिसंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में नवीन गल्ला मंडी के पास मंगलवार को 70 साल पुरानी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को बुलडोजर के माध्यम से हटा कर लगभग 17000 स्क्वायर फीट जमीन को सदर तहसीलदार ने खाली करवा कर सरकार के नियंत्रण में ले लिया। खाली करायी गयी जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 27 करोड रुपए बताई जाती है। तहसीलदार सदर सीतापुर अतुल सिंह ने मंगलवार को बताया कि आज नवीन गल्ला मंडी के पास खलिहान की जमीन पर 70 साल से लोग अवैध कब्जा किए हुए थे। बार-बार नोटिस देने के बावजूद वह कब्जा खाली नहीं कर रहे थे।
आज दिन में तहसीलदार अतुल सिंह और राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ बुलडोजर के माध्यम से अवैध कब्जे को तोड़ कर सरकारी नियंत्रण में ले लिया। आज कल सीतापुर में खलिहान, खेतों के चक मार्ग पर अवैध कब्जों को बहुत तेजी से हटाया जा रहा है। इस क्रम में आज यह कार्रवाई की गई एवं अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई कि इस प्रकार वह सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा ना करें अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित