सीतापुर , दिसंबर 28 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में दो दिन पहले हुये दोहरे हत्याकांड के नामजद आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव फतेहपुर मार्टिन पूर्वा के तिराहे पर विगत 26 दिसंबर को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को देसी तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर मार्टिन पूर्वा तिराहे पर अख्तर खान (65) और मिशन खान (40) की 26 दिसंबर को देर शाम गोली एवं धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने इस संबंध में नामजद आरोपी अजय पाल उर्फ झगड़ु एवं उत्तम उर्फ रामू को दो देसी तमंचों के साथ गिरफ्तार कर लिया। अजय पाल के पिता ठाकुर प्रसाद कि वर्ष 2011 में हत्या कर दी गई थी जबकि 2020 में संतोष भाई की भी हत्या विपक्षियों ने कर दी थी। इसी रंजिश को लेकर उन लोगों ने 26 दिसंबर को अख्तर खान और मैंसर खान को गोलियों से भून दिया। इस अभियोग में नामजद रणधीर, सौरभ एवं शिव पूजन की पुलिस तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित