सीतापुर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक वरिष्ठ चिकित्सक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक विनायक भोसले ने बताया कि मृतक की पहचान 71 वर्षीय डॉ. राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जो खैराबाद कस्बे में बच्चों के प्रतिष्ठित चिकित्सक थे और अपना अस्पताल संचालित करते थे। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह चाय-नाश्ता करने के बाद डॉ. चौधरी अपने घर की ऊपरी मंजिल पर लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर गए। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी ऊपर पहुंचीं, जहां उन्होंने डॉक्टर को कनपटी पर गोली लगी हालत में पाया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित