सीतापुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कैंसर रोगियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में निर्माणाधीन नवनिर्मित जिला चिकित्सालय परिसर में 50 बेड की आधुनिक कैंसर यूनिट स्थापित की जाएगी। यह निर्णय स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित घोष के निर्देश पर लिया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बुधवार शाम जानकारी दी कि शासन से धनराशि आवंटित होते ही कैंसर यूनिट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कैंसर रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में सीतापुर में यूनिट स्थापित कर बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है।
सीएमओ के अनुसार इस कैंसर यूनिट से सीतापुर के साथ-साथ लखीमपुर, हरदोई, शाहजहांपुर, बहराइच, गोंडा और नेपाल तक के मरीजों को लाभ मिलेगा। पिछले कुछ वर्षों में कम उम्र के लोगों में भी कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी गई है, जिससे इस यूनिट की आवश्यकता और बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस में नए जिला अस्पताल परिसर के भीतर ही कैंसर यूनिट के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। 50 बिस्तरों वाली यह यूनिट शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सकेगा और उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित