सीतापुर , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरजनपुर गांव में होली के अवसर पर बुधवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुए झगड़े को शांत कराने के प्रयास में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि उसके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार गांव में दीनदयाल, उदल और माया प्रकाश पुत्र रामगोपाल के बीच आपसी विवाद हो रहा था। उसी दौरान गांव निवासी रंजीत कुमार वहां पहुंचे और होली के अवसर पर झगड़ा न करने की समझाइश देते हुए विवाद शांत कराने का प्रयास किया। बताया गया कि इस दौरान हमलावरों ने रंजीत कुमार पर हंसिया से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर उनकी मां प्रेमा देवी (60) पत्नी परशुराम और भाई अमरजीत भी मौके पर पहुंच गए और झगड़ा रोकने की कोशिश करने लगे।
आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हंसिया से वार कर दिया, जिससे प्रेमा देवी के गले और सीने पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके दोनों बेटे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपियों दीनदयाल, उदल और माया प्रकाश को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी मिश्रिख द्वारा भी मामले की जानकारी दी गई है तथा आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित