सीतापुर 11 दिसंबर इ(वार्ता) उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के अंतर्गत धर्नाड नवादा मार्ग पर शिवपुरी के पास गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर में ई रिक्शा पर सवार दूल्हे की मृत्यु हो गयी जबकि उसके चार परिजन घायल हो गये। विडंबना है कि आज ही उसके सिर पर सेहरा बांधना था और उसकी मृत्यु हो गई। थानाध्यक्ष इमलिया सुल्तानपुर श्यामू कनौजिया ने बताया कि आज परसेंडी ब्लॉक में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम था। इसमें ग्राम टिकर बहादुरपुर के अंकित कुमार (19) का विवाह होना था। यह लोग अपने गांव से गांव का ही ई-रिक्शा बुक कराकर परसेंडी सामूहिक विवाह समारोह में जा रहे थे, तभी घने कोहरे के कारण अज्ञात वाहन की टक्कर लग गई।

इस हादसे में अंकित की मृत्यु हो गई और उनके पिता शिवकुमार, माता शिवपति, उनके रिश्तेदार अवनीश एवं रामादेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिये भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित