सीतापुर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे एक मजदूर की ईंटों का चट्टा गिरने से दबकर मृत्यु हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे रामकोट-माधवपुर मार्ग पर जाम लग गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दारानगर निवासी 40 वर्षीय राजेश उर्फ रूपेश ग्राम कटिया स्थित एक ब्रिक फील्ड पर मजदूरी करता था। सोमवार को काम के दौरान ईंटों का चट्टा उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भट्ठा प्रबंधन द्वारा उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी अनीता, जो लखनऊ में कार्यरत है, ने घटना की सूचना थाने में दी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि मृतक की चार बेटियां हैं और उनके पालन-पोषण के लिए भट्ठा मालिक तथा सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित