सीतापुर , अप्रैल 16 -- सीतापुर जिले के सदर तहसील क्षेत्र में आपदा प्रबंधन टीम 'आपदा मित्र' द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को एक बड़ा अग्निकांड टल गया।

ग्राम रखोना में आपदा मित्र मनोहर लाल, महेंद्र कुमार और रवि कुमार ने किसान रघुनाथ के गेहूं के खेत का निरीक्षण किया, जहां खड़ी फसल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के कारण तेज पछुआ हवाओं में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का गंभीर खतरा बना हुआ था।

टीम ने तत्काल किसान को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया, जिसके बाद किसान ने प्राथमिकता के आधार पर फसल की कटाई शुरू कर दी। इससे संभावित बड़े नुकसान को रोका जा सका।

जिला आपदा विशेषज्ञ हीरालाल ने किसानों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी करते हुए कहा कि जिन खेतों के ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है, वहां तैयार फसल को पहले काट लिया जाए। साथ ही खेतों के आसपास बीड़ी-सिगरेट या किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग न करने की अपील की गई है। ढीले तारों या चिंगारी की स्थिति में तुरंत विद्युत विभाग को सूचना देने तथा किसी भी आपात स्थिति में 101 नंबर या प्रशासन को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निकांड जैसी घटनाओं को रोकना और किसानों को समय रहते जागरूक करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित