सीतापुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर, हरदोई, श्रावस्ती सहित विभिन्न जिलों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना समेत 15 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के करीब छह लाख 57 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना तंबौर पुलिस एवं सीतापुर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चौकी दलपतपुर से आगे पुलिया के पास पकड़िया पुरवा जाने वाले मार्ग तिराहे से गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न जनपदों में अस्थायी डेरा डालकर रहते थे। गिरोह की महिलाएं दिन में घरेलू सामान बेचने के बहाने घरों की रेकी करती थीं, जबकि रात में पुरुष सदस्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के बाद यह लोग स्थान बदलकर दूसरे इलाके में डेरा डाल लेते थे।
कुछ दिन पूर्व थाना तंबौर क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की से पांच लाख रुपये से अधिक की रकम चोरी होने की घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान गिरोह के सरगना जालिम समेत शिकारी, लोटन, शिव कपूर, सिद्ध कुमार, नसीब, महक सिंह, शालू सिंह, दानवीर, दानी राजा तथा महिलाओं में साहिब, सुनीता, मौसमी, शादीका और चामनी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त मध्य प्रदेश के दतिया और शिवपुरी जनपदों के निवासी बताए गए हैं। इनके पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के सफल अनावरण पर अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र तथा पुलिस अधीक्षक सीतापुर द्वारा पुलिस टीम को पुरस्कृत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित