हरिद्वार , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शिक्षा एवं जनकल्याण योजनाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ललित नारायण मिश्रा ने मंगलवार को बहादराबाद क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ मिश्रा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बहादराबाद में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा में बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर न मिलने पर शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर असंतोष व्यक्त किया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि पठन-पाठन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी गई। श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बच्चों को मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए और गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही न हो साथ ही विद्यालयी अभिलेखों का सही व समयबद्ध रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी अकमलपुर बोगला के केंद्रों का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या छह में कार्यकर्ती अनुपस्थित पाई गई, जिस पर एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए गए। वहीं केंद्र संख्या तीन में बच्चों की वास्तविक उपस्थिति कम पाए जाने और गलत हाजिरी दर्ज किए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए।
सीडीओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया, जो प्रातः 11 बजे तक बंद पाया गया। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, रुड़की के निरीक्षण में सहायक अध्यापक कुंवर सिंह बिना आवेदन के अनुपस्थित मिले, जिस पर उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक सेठ, नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित