जयपुर , फरवरी 12 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि सीकर जिले में धोद विधान सभा क्षेत्र में 282 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं।
श्रीमती दियाकुमारी प्रश्नकाल में विधायक गोरधन के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि इनमें से 62 आंगनबाड़ी केन्द्र स्वयं के भवनों में, 22 किराये के भवनों में, 142 विद्यालयों में, 48 अन्य राजकीय भवनों में एवं आठ निजी निःशुल्क भवनों में संचालित हैं। उन्होंने बताया कि दो आंगनबाड़ी केन्द्रों सांवलोदा पुरोहितान एवं सांवलोदा लाडखानी के भवन निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने के लिए निर्धारित मापदण्ड तय किये गए हैं। इसके तहत 400 से 800 की आबादी पर एक आंगनबाड़ी केन्द्र खोला जाता है। इसी प्रकार 800 से 1600 की आबादी पर दो केन्द्र, 1600 से 2400 की आबादी पर तीन केन्द्र तथा इसके पश्चात् प्रत्येक 800 के गुणक पर एक आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जनजातीय इलाकों, पहाड़ी, मरुस्थलीय एवं दुर्गम स्थानों पर 300 से 800 की आबादी पर एक आंगनबाड़ी केन्द्र खोला जाता है। एक केन्द्र के लिए न्यूनतम 600 वर्ग फीट भूमि की अनिवार्यता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित