कोंडागांव , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत कोंगरा में कारपाेरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से निर्माणाधीन देवगुड़ी का स्लैब ढहने से शुक्रवार को एक मजदूर की मौत हो गयी।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है, और मामले की जांच जारी है।
थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोंगरा में करीब पांच लाख रुपये की लागत से देवगुड़ी का निर्माण कार्य चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढलाई के दौरान कच्ची सेंटरिंग का उपयोग किया गया था। मौके की स्थिति से संकेत मिलते हैं कि सेंटरिंग पर्याप्त मजबूत नहीं थी और कार्य अस्थायी व्यवस्था के सहारे किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की सुबह सेंटरिंग हटाने के बाद ढाला गया स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। उसी समय अरंडी गांव निवासी मजदूर दुर्योधन ठाकुर स्लैब के ऊपर चढ़कर सफाई कार्य कर रहा था। अचानक मलबा गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गयी।
ग्राम पंचायत सचिव विश्वनाथ देवांगन ने बताया कि मजदूर सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ा था और सफाई के दौरान यह हादसा हुआ। सरपंच सोनाधर नेताम ने कहा कि निर्माण कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था, जबकि हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित