लखनऊ , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बेसिक शिक्षा विभाग के लिए सीएसआर कॉन्क्लेव आयोजित कर बड़ी कंपनियों को जोड़ा जाए। इससे विद्यालय निर्माण, स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना और आधारभूत सुविधाओं के विकास में सहयोग मिलेगा।
मंगलवार को विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए संदीप सिंह ने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लड़कियों को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही सीएम कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के उन्नयन, कौशल विकास कार्यक्रमों और स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने यह भी बताया कि निजी विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए नई नीति पर काम किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सके।
बैठक में प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में शिक्षा क्षेत्र की भूमिका पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को उद्योगों के साथ सहयोग बढ़ाने और कौशल विकास व नवाचार को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित