बैतूल , दिसंबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, चाकूबाजी और सड़क हादसों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात सघन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित बैतूल दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से की गई।

अभियान के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र सहित कोतवाली थाना क्षेत्र के होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, चाय की दुकानें, पान ठेले और देर रात तक खुले प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। इस दौरान कई होटलों और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को खुलेआम शराब पीते हुए पाया गया। पुलिस को देखते ही कई शराबी मौके से भाग निकले।

बस स्टैंड क्षेत्र के कुछ होटल और रेस्टोरेंट में टेबलों पर शराब की बोतलें रखी मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यहां आहते की तर्ज पर अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त चेतावनी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित