दुर्ग, 11 फरवरी 2026 (वार्ता) इंस्टिट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया द्वारा घोषित सीएमए फाइनल परीक्षा परिणाम में दुर्ग के मेधावी छात्र गौरव शर्मा ने 519 अंक अर्जित कर छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। साथ ही उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 32वां स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है।

गौरव शर्मा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अपनी सफलता का श्रेय गौरव ने अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अपने पिता शिव चरण शर्मा, माता छाया शर्मा, बहन मंजरी शर्मा तथा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य उत्पादन कंपनी में उप महाप्रबंधक (वित्त) के पद पर कार्यरत अपने मामा अजय कुमार शर्मा (कॉस्ट अकाउंटेंट) के मार्गदर्शन और प्रेरणा को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया।

गौरव ने बताया कि उन्होंने निरंतर सभी विषयों का गहन पुनरावृत्ति (रिवीजन) किया और परीक्षा से पूर्व दो महीनों में सभी आठ विषयों के नियमित मॉक टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों की पहचान की तथा लगातार अभ्यास से उन्हें दूर किया। इसी रणनीति और अनुशासित तैयारी ने उन्हें यह सफलता दिलाई।

उल्लेखनीय है कि गौरव शर्मा वर्तमान में चार्टर्ड अकाउंटेंसी एवं सिविल सर्विस की परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं और भविष्य में उच्च प्रशासनिक सेवाओं में योगदान देने का लक्ष्य रखते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित