चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सीएफएमएस पोर्टल पर लंबित सभी फाइलों का अधिकतम 15 दिनों के भीतर निपटान सुनिश्चित किया जाए।
श्री सैनी ने गुरुवार को कहा कि फाइलों में देरी से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होता है, इसलिए समयबद्ध निपटान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री सिविल सचिवालय में मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) मॉड्यूल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही फाइलों को पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने पर जोर दिया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के पूर्ण कार्यान्वयन से प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी और दक्षता आएगी। इसकी प्रगति की मासिक समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं इसकी निगरानी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित