सागर , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में सीएनजी कार हादसे में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए संबंधित डॉक्टर के गढ़ाकोटा स्थित मकान से सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनाटौरिया टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह एक सीएनजी कार में आग लगने से 34 वर्षीय सीमा कुर्मी की जलकर मौत हो गई थी। मृतका गढ़ाकोटा निवासी निजी क्लीनिक संचालक डॉक्टर नीलेश कुर्मी की पत्नी थीं।
डॉक्टर के अनुसार वे अपनी पत्नी को हार्ट अटैक की शिकायत के बाद मकरोनिया स्थित निजी अस्पताल ले जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी तथा मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया गया।
इधर, मृतका के परिजनों ने डॉक्टर पर मारपीट के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने डॉक्टर से पूछताछ भी की है। रविवार को पुलिस ने गढ़ाकोटा स्थित उनके मकान का निरीक्षण कर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर जब्त कर लिए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित