लखनऊ , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ के चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी, वार्डों की बदहाल स्थिति और अव्यवस्थाएं देखकर वह भड़क गए।
उपमुख्यमंत्री ने जनरल वार्ड में कई बेड पर चादर न होने और अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी करने और सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं होंगी, तब तक संबंधित अधिकारी घर नहीं जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक मरीजों के बीच पर्चा काउंटर की कतार में भी खड़े हुए और उनसे अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। पैथोलॉजी विभाग में लंबी कतार देखकर उन्होंने जांच प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े।
एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल मिलने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। वहीं शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर उन्होंने सीएमओ को मोबाइल ठीक कराने और बकाया भुगतान जल्द कराने के भी निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित