बीजापुर , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन और गंगालूर थाने की सिविल पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में नक्सलियों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान जंगल में छुपाकर रखा गया जिलेटिन, डेटोनेटर और कोर्डेक्स वायर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

सीआरपीएफ से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार,यह कार्रवाई गंगालूर थाना क्षेत्र के ग्राम इरामांगी के घने जंगलों में की गई। प्राप्त विश्वसनीय इनपुट के आधार पर कांवड़गांव कैंप से पश्चिम दिशा में लगभग 3.8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस क्षेत्र में 15 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे से एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व ई/85 के सहायक कमांडेंट हेमन्त भट्ट और गंगालूर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से किया। पूरे ऑपरेशन की कमान सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक बीएस नेगी और 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन में चल रही थी।

अभियान के दौरान डॉग स्क्वायड (फिडल) ने जैसे ही एक संदिग्ध स्थान की ओर इशारा किया, बीडीडीएस टीम और स्वान दस्ते ने तत्काल उस क्षेत्र की घेराबंदी कर बारीकी से तलाशी शुरू कर दी। करीब 10 बजे सुरक्षाबलों को जमीन के अंदर छुपाई गई विस्फोटक सामग्री मिली। बरामद सामग्री में 02 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, करीब डेढ़ किलोग्राम गन पाउडर, 04 नग जिलेटिन रॉड और लगभग 25 से 30 मीटर लाल रंग का कोर्डेक्स वायर शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित