सिवान , जनवरी 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को कहा कि सिवान जिले के सभी 19 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में सिवान जिले के राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सिवान जिले में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं, जिनमें इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि महिला आई.टी.आई एवं सभी अनुमंडलों में आई.टी.आई की स्थापना की गयी है। जी.एन.एम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है।

श्री कुमार ने कहा कि सिवान में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि यहां कर्पूरी ठाकुर छात्रावास एवं 2 आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। सीवान जिले में कई पुलों तथा पथों का निर्माण कराया गया है। अयोध्या से जनकपुर तक राम जानकी पथ का निर्माण कराया जा रहा है। मैरवा धाम-दरौली पथ का चौड़ीकरण किया गया है। बाढ़ से बचाव के लिये सुरक्षा तटबंध का निर्माण, पश्चिमी गंडक नहर प्रणाली एवं सिंचाई प्रणालियों का जीर्णोद्धार कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी चिन्हित की गई उसे पूरा करने के लिए सिवान जिला की छह योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई, जिन पर काम चल रहा है, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। इनमें सीवान बाईपास का निर्माण, सीवान जिलान्तर्गत तीन महत्वपूर्ण पथों का चौड़ीकरण कार्य, कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौनिया बाबा महाबीरी मेला को बिहार राज्य मेला प्राधिकार के प्रबंधन अंतर्गत सम्मिलित करने के लिये स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

श्री कुमार ने कहा कि सीवान जिलान्तर्गत नौतन प्रखंड में मैरवा ग्रिड उप केंद्र एवं संबंधित वे (बीएवाई) का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों (2025 से 2030) में सिवान जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की चार लाख 13 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। सिवान के सभी 19 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा सिवान सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सिवान जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित