सिवनी , मई 02 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 01 मई से मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ किया गया है। जनगणना कार्य के दौरान एक शासकीय सेवक से विवाद कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा मारपीट करने पर चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है।
इस प्रकरण में प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी दिनेश झारिया (35) के खिलाफ केवलारी पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट व धमकी देने संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।
केवलारी पुलिस के अनुसार चीचबंद के प्रधान पाठक उजल सिंह तेकाम मकान सूचीकरण की कार्रवाई करने पांजरा गांव पहुंचे थे, जहां दिनेश झारिया के पीएम आवास में कर्मचारी ने सूचीकरण का नंबर अंकित किया। इसी बीच मौके पर आरोपी दिनेश झारिया पहुंच गया और अनर्गल आरोप लगाते हुए शासकीय सेवक को लाठी मार दी, जो कर्मचारी के बायें हाथ की उंगली में लगी। इसकी सूचना तत्काल डायल 100 को दी गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही केवलारी तहसीलदार शशांक मेश्राम और थाना प्रभारी प्रीतम तिलगांव भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में दिनेश झारिया के विरूद्ध केवलारी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित