सिरसा , अप्रैल 28 -- हरियाणा में सिरसा जिले के गांव दड़बा कलां और शहर के हिसार रोड क्षेत्र मेंआगजनी की अलग-अलग घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हो गया। तेज आंधी के दौरान बिजली तारोंसे निकली चिंगारी और शॉर्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
गांव दड़बा कलां के पास तेज अंधड़ के दौरान बिजली तारों से निकली चिंगारी से करीब 15 एकड़ गेहूं के खेतमें आग लग गयी, जिससे खेतों में पड़ा भूसा जलकर राख हो गया। आग की चपेट में छोटे-बड़े पेड़ भी आ गये। सूचना मिलने पर प्रशासन ने तुरंत अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर भेजीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत केबाद आग पर काबू पाया।
अगले दिन दोपहर में भी बिजली के तार टूटकर खेत में गिरने से फिर आग लग गयी, जिससे एक अन्य किसान के भूसे को नुकसान पहुंचा। गांव की सरपंच संतोष बेनीवाल ने इन घटनाओं के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और नुकसान की भरपाई की मांग की है।
दूसरी ओर, शहर के हिसार रोड स्थित ट्रैक्टर एजेंसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी, जो पास के शराब ठेके तक फैल गयी। आग से एजेंसी में रखे स्पेयर पार्ट्स, ऑयल, एसी, फ्रीज, फर्नीचर और शराब की बोतलें जलकर नष्ट हो गयीं। समय रहते हालांकि नये ट्रैक्टरों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
दोनों घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित