पटना , फरवरी 12 -- बिहार विधान परिषद में सिमरिया धाम के विकास कार्यों को लेकर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विधान पार्षद सर्वेश कुमार के तारांकित प्रश्न के उत्तर में बताया कि सिमरिया धाम के समीप 478 मीटर लंबाई में सीढ़ी घाट का निर्माण कराया गया है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये चेंजिंग रूम, धार्मिक अनुष्ठानों के लिये मंडप, वॉच टॉवर, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, धर्मशाला और पाथ-वे जैसी आधारभूत सुविधायें विकसित की गई हैं।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सिमरिया धाम के दूसरे चरण के तहत पहले से निर्मित सीढ़ी घाट के अपस्ट्रीम में 125 मीटर लंबाई में अतिरिक्त सीढ़ी घाट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस कार्य को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सिमरिया धाम में प्रतिवर्ष श्रावणी मेला और कार्तिक माह में कल्पवास मेला आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित