वाराणसी , फरवरी 12 -- महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा शुरू की गई विशेष पहल के तहत विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों से भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के लिए पावन भेंट एवं उपहार अर्पित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
बुधवार शाम को मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर से भगवान श्री विश्वेश्वर हेतु फल, पुष्प एवं अन्य पूजनीय सामग्री श्रद्धापूर्वक श्री काशी विश्वनाथ धाम भेजी गई। इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई से आए प्रतिनिधिमंडल डॉ. संदीप राठौर (डिप्टी सीईओ), डॉ. मधुसूदन शुक्ल (अध्यक्ष, ट्रस्टी प्रोटोकॉल), डॉ. प्रशांत मनेरिकर (पुजारी) एवं डॉ. शिवम् मिश्र ने उक्त पावन भेंट को विधिवत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को सौंपा। न्यास द्वारा इसे समारोहपूर्वक स्वीकार किया गया।
डॉ. संदीप राठौर, डिप्टी सीईओ, श्री सिद्धिविनायक मंदिर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालु-सेवा की सराहना की। उन्होंने महाशिवरात्रि के इस महापर्व पर मंदिर न्यास द्वारा शुरू की गई इस नवाचारपूर्ण पहल की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भगवान श्री गणेश एवं परमपिता महादेव के पावन पिता-पुत्र संबंध के आध्यात्मिक भाव को मजबूती से स्थापित करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित