रूद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) , मई 05 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित संपूर्णानंद केन्द्रीय जेल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार को बंदियों के लिए विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। जिसमें कुल 371 बंदियों की जांच की गई।
यह आयोजन भारत सरकार के सेंट्रल टीबी डिवीजन के दिशा-निर्देशों के तहत ''टीबी मुक्त भारत'' अभियान को मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कुल 371 बंदियों की प्रारंभिक टीबी स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 14 बंदियों में संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उनके सैंपल परीक्षण के लिए लिये गये।
शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने बंदियों को टीबी के लक्षण, बचाव और नियमित उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और पूरा इलाज करने से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
इस दौरान जिला पीएमडीटी समन्वयक नवल, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुनील राय, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. कविश अहमद, डॉ. शिवांगी व्यास, डॉ. सुनीता साना सहित स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन की टीम मौजूद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित