बैतूल , अप्रैल 15 -- केंद्र सरकार के सिकल सेल उन्मूलन अभियान के तहत मध्यप्रदेश के बैतूल जिले ने स्क्रीनिंग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 1,83,668 लोगों की जांच का लक्ष्य तय किया गया था, जिसके मुकाबले 1,88,319 लोगों की स्क्रीनिंग पूरी की गई, जो लगभग 102 प्रतिशत उपलब्धि है। सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने बताया कि जांच के दौरान 1,658 मरीज सिकल सेल बीमारी से ग्रसित पाए गए, जबकि 7,120 लोगों में सिकल सेल ट्रेट की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों का नियमित उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी स्क्रीनिंग में भी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है और अब तक 85 प्रतिशत महिलाओं की जांच सुनिश्चित की जा चुकी है। इससे संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान कर उपचार संभव हुआ है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार आया है।
जिला अस्पताल में सिकल सेल और थैलेसीमिया मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में सिकल सेल मरीजों को 869 यूनिट तथा थैलेसीमिया मरीजों को 466 यूनिट रक्त प्रदान किया गया है। स्वयंसेवी रक्तदाताओं के सहयोग से अब तक 106 रक्तदान शिविर आयोजित कर 8,651 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित