भिण्ड , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार थाना पुलिस ने सिंध नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्रायच गांव के पास से रेत निकालने वाली दो मशीनें (पनडुब्बियां) जब्त की हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार लहार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) प्रवीण त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि पर्रायच गांव की ओर सिंध नदी में अवैध रूप से रेत की खुदाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि दतिया जिले का एक ठेकेदार सीमा से बाहर जाकर यह अवैध खनन करा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई को देखकर अवैध उत्खनन में लगे लोग मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने नदी के बीच रेत निकाल रही दो पनडुब्बियों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर आगे की कानूनी कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि नदी की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित