नयी दिल्ली , फ़रवरी 24 -- केन्द्रीय उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दक्षिण दिल्ली में अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ हुई नस्लीय उत्पीड़न की हालिया घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय आज यह जानकारी दी।
श्री सिंधिया ने इस घटना को "अत्यंत शर्मनाक" और "आज की दुनिया में अस्वीकार्य" बताते हुए इस बात पर बल दिया कि भेदभाव पर आधारित पूर्वाग्रह और धमकी का समाज में कोई स्थान नहीं है और इनसे दृढ़ता से निपटा जाना चाहिए। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और दिल्ली पुलिस आयुक्त से टेलीफोन पर बात की और इस मामले में तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
श्री सिंधिया ने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि उत्तर पूर्वी क्षेत्र के नागरिकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अन्याय सहन नहीं किया जाएगा और उनकी सुरक्षा एवं गरिमा सर्वोपरि बनी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हाल ही में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं को अपने किराये के मकान में मरम्मत कार्य के दौरान हुए मामूली विवाद को लेकर पड़ोसी की ओर से कथित तौर पर नस्ली दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित